हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मखदुमपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में गंगा के पानी से भरे खेत में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार मखदुमपुर निवासी सोनम (लगभग 38 वर्ष) पत्नी नरेश अपनी पुत्री पायल के साथ शौच के लिए खेतों की ओर गई थीं। खेत में गंगा का पानी भरा हुआ था और मिट्टी अत्यधिक फिसलन भरी थी। इसी दौरान सोनम का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरीं। अधिक पानी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकीं और डूब गईं।
घटना के समय साथ मौजूद छोटी बच्ची पायल घबराकर घर पहुंची और अपने पिता नरेश को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी सीताराम ने थाना हस्तिनापुर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार गंगा का जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी भरा हुआ है, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है।