नई दिल्ली। संसद परिसर में 31 जुलाई को हुए प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सांसद पप्पू यादव के खिलाफ संसद मार्ग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के डीसीपी को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि 31 जुलाई को संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव द्वारा ऐसे कृत्य किए गए, जिनसे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत दर्ज कराने पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल में विधायक अनिल शर्मा, सांसद बांसुरी स्वराज, करनैल सिंह तथा संकेत गुप्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को संविधान और कानून की मर्यादा का पालन करना चाहिए तथा धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रावधानों के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, समाचार लिखे जाने तक इस शिकायत पर सांसद पप्पू यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।