नई दिल्ली: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने देशभर में संगठित तस्करी गिरोहों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न राज्यों में की गई छापेमारी के दौरान सोना, मादक पदार्थ, प्रतिबंधित वन्यजीव उत्पाद, ई-सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया। इन अभियानों में पांच विदेशी नागरिकों सहित कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, खुफिया सूचनाओं के आधार पर डीआरआई ने अलग-अलग राज्यों में समन्वित अभियान चलाए। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 29 जुलाई को दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चार किलोग्राम सोने की 40 छड़ें बरामद की गईं। वहीं, एक अन्य मामले में पाकिस्तान से तस्करी कर लाई जा रही 14 मीट्रिक टन गुग्गुल रेजिन भी जब्त की गई।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत मणिपुर के चुराचांदपुर में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके वाहन से 2.7 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा मुंबई में दो अलग-अलग अभियानों में दो विदेशी महिलाओं के पास से सिंथेटिक मादक पदार्थ जब्त किए गए।
उधर, मिजोरम में भारत-म्यांमार सीमा के निकट चार संदिग्ध गोदामों पर छापेमारी के दौरान लगभग 3.60 करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सामान जोखावथर क्षेत्र के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था।
डीआरआई ने सभी मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी का कहना है कि संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।