फर्रुखाबाद। जनपद में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 136.70 सेंटीमीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 136.60 सेंटीमीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों में गंगा का जलस्तर घट गया था, लेकिन गुरुवार रात से इसमें अचानक वृद्धि शुरू हो गई। शुक्रवार रात तक जलस्तर में करीब 30 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद नदी चेतावनी बिंदु को पार कर गई।
जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, प्रशासन ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो गंगा किनारे (गांवों) में रहने वाले लोगों पर इसका असर पड़ सकता है।