वाराणसी। वाराणसी और नई दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को जल्द ही वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की सुविधा मिलने जा रही है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अक्टूबर को वाराणसी से नई दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दिन सारनाथ और राजातालाब के बीच चलने वाली नई मेमू ट्रेन को भी रवाना किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।
यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। रास्ते में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के संचालन से वाराणसी और दिल्ली के बीच रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। वहीं, सारनाथ और राजातालाब के बीच नई मेमू ट्रेन शुरू होने से स्थानीय यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।