28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक होगा अभियान, युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति किया जाएगा जागरूक
नागौर । युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से बचाने तथा समाज में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 संचालित किया जा रहा है। अभियान के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धीरज बिस्सा ने अभियान के उद्देश्य, गतिविधियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें तंबाकू की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. सारण ने बताया कि अभियान के तहत निर्धारित इंडिकेटर्स के अनुसार विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा तथा उनकी प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। इनमें शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान संबंधी प्रावधानों का क्रियान्वयन, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण नियमों की पालना, तंबाकू निषेध के प्रति जागरूकता, कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई तथा तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श एवं सहायता जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को तंबाकू से दूर रखने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।