नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध में आयोजित इंडिया ब्लॉक की महारैली संपन्न हो गई। रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला।
"देश की आवाज दबाने का सबसे बड़ा अपराध"
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते और डरे हुए हैं। उनके मुताबिक, इसकी वजह यह है कि उन्होंने देश की आवाज दबाने और उसका गला घोंटने का सबसे बड़ा अपराध किया है।
राहुल ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।
"मोदी को भागने नहीं देंगे"
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, और अगर जाना भी चाहें तो विपक्ष उन्हें कहीं जाने नहीं देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी को देश बेच दिया गया है और इसका बदला लिया जाएगा। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री को भागने नहीं दिया जाएगा।
"यह देश का प्रदर्शन, लड़ाई संविधान बचाने की"
राहुल गांधी ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी या नेता का नहीं, बल्कि पूरे देश का है और यह संविधान व लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा, "हम नफरत नहीं, मोहब्बत फैलाने वाले लोग हैं", साथ ही स्पष्ट किया कि लोकतंत्र पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।