कादीपुर (सुल्तानपुर)। कादीपुर नगर स्थित जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में 28 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में जारी है। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चल रही इस कथा के चौथे दिन, 1 नवंबर को बड़ी संख्या में नगरवासियों एवं रामभक्तों ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया।
कथा व्यास श्री बजरंगदास जी एवं बाल व्यास श्री संपूर्णानंद जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीराम कथा का रसपान कर रहे हैं। कथा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन प्रसंगों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इस नौ दिवसीय श्रीराम कथा का संयोजन श्रीराम कथा आयोजन समिति कादीपुर द्वारा किया जा रहा है, जबकि आयोजक बहुउद्देशीय शिव सेवा समिति, गौराबीबीपुर, कादीपुर है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान सुरेंद्र प्रताप सिंह है एवं ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, सभासद सूर्यलाल गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों की ओर से समस्त नगरवासियों, रामभक्तों एवं सत्संग प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का पुण्य लाभ लेने की अपील की गई है। यह नौ दिवसीय आयोजन 5 नवंबर तक जारी रहेगा।