*हस्तिनापुर।* लखनऊ के इको गार्डन में करीब एक महीने तक चले आंदोलन के बाद मांगों पर सहमति बनने और हड़ताल समाप्त होने के पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर के अधीन कार्यरत सभी सीएचओ ने एकजुट होकर सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी का सम्मान किया और आंदोलन के दौरान मिले सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सीएचओ ने बताया कि आंदोलन के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी का उन्हें निरंतर सकारात्मक सहयोग और समर्थन मिलता रहा। उनके इस सहयोग ने सीएचओ का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया।

सम्मान समारोह के दौरान डॉ. अमित त्यागी ने सभी सीएचओ का स्वागत करते हुए उनसे अपने कार्यस्थलों पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सभी के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर सीएचओ जिला अध्यक्ष हेमराज कुमार एवं ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने कहा कि आंदोलन के दौरान डॉ. अमित त्यागी का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि सीएचओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में डॉ. अमित त्यागी के अलावा डॉ. राजी, डॉ. बृजपाल, फार्मासिस्ट महेश, सीएचओ जिला अध्यक्ष हेमराज कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र शर्मा सहित CHO चतरपाल, निंबार्क, बनवारी, दिलसुख, सौरभ, कपिल, गुलशन, सान्या, प्रियंका, सरिता, नीतू, पवन, रोहित एवं रेखा मौजूद रहे।