नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कराकर भारत लाने में कामयाबी हासिल की है। सीबीआई की विशेष टीम आज चंद्राकर को लेकर स्वदेश पहुंची।
एजेंसी के अनुसार, चंद्राकर को कल मेडिकल जांच के बाद रायपुर स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।
विदेश से चल रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के सबसे बड़े अवैध सट्टेबाजी नेटवर्कों में से एक था, जिसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए देश से बाहर भेजा जाता था।
सीबीआई और ईडी की संयुक्त जांच
इस मामले की जांच सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दोनों कर रही हैं। चंद्राकर के प्रत्यर्पण को सिंडिकेट के खिलाफ चल रही कार्रवाई में अहम पड़ाव माना जा रहा है। अब उनसे पूछताछ में नेटवर्क की परतें खुलने और धन के लेन-देन की कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है।