पट्टी (प्रतापगढ़)। कोतवाली पट्टी क्षेत्र के भदेरा गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। चोरों ने महिला के साथ ही उसकी सास के बक्से को भी खंगाला। दोनों बक्सों से सोने और चांदी के जेवरात गायब मिले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी सुमन मिश्रा पत्नी अनिल मिश्र के अनुसार, घर के ठीक सामने उनका एक रिहायशी मकान है। इसमें गृहस्थी के सामान के साथ सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। बीते 22 अक्टूबर को उन्होंने बक्से को देखा था। उस समय उसकी कुंडी और ताला सुरक्षित थे। तीन नवंबर को वह दिल्ली में रह रहे अपने पति के पास जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान जेवरात लेने कमरे में पहुंचीं तो बक्से की कुंडी निकली मिली। बक्सा खोलकर देखा तो सोने के सभी आभूषण गायब थे।

पीड़िता के मुताबिक, उनके बक्से से 10 अंगूठियां, दो चेन, दो हार, एक जोड़ी तीन लड़ों वाला झुमका, एक नथिया, एक माथबेंदी और एक अन्य आभूषण चोरी हुआ है। इसके अलावा बगल में रखे उनकी सास के बक्से से करीब तीन किलो चांदी और सोने की चार अंगूठियां भी गायब मिलीं।

घटना की जानकारी पीड़िता ने डायल 112 पर दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद चार नवंबर को सुमन मिश्रा ने कोतवाली पट्टी में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर उपनिरीक्षक दुर्गेश सिंह को जांच सौंपी है।