*कादीपुर, सुल्तानपुर।* छोटी दिवाली के पावन पर्व पर 7 नवंबर 2026, शनिवार को कादीपुर क्षेत्र स्थित विजेथुआ महाबीरन धाम में भव्य विजेथुआ महोत्सव का आयोजन किया गया। सत्यपथ फाउंडेशन के आयोजक विवेक तिवारी के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में मुख्य सहयोगी सर्वेश मिश्रा के सहयोग से मकरी कुंड पर 51 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की अद्भुत रोशनी से पूरा धाम जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इसके उपरांत प्रसिद्ध भजन गायिका डिंपल भूमि द्वारा भजन गायन का भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। उनके भजनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए।

वहीं, मंदिर समिति की ओर से बजरंगबली के जन्मोत्सव के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए। महोत्सव में जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया तथा प्रसाद वितरण के साथ केले का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद और भंडारे का आनंद लेने के साथ भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस भव्य आयोजन में सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की भी उपस्थिति रही। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, जयसिंहपुर विधायक राजबाबू उपाध्याय, कादीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता आनंद द्विवेदी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण मिश्रा, घनश्याम चौहान एवं भाजपा युवा नेता ध्यान सिंह सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

छोटी दिवाली के अवसर पर आयोजित इस भव्य महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर मिसाल पेश की। 51 लाख दीपों की जगमगाहट और भक्ति संगीत से विजेथुआ महाबीरन धाम देर रात तक भक्तिमय बना रहा।