मिलक, रामपुर। धनतेरस के अवसर पर मंडी परिसर में दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व की खुशियों को यादगार बनाने के लिए मंडी परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया गया। जगह-जगह दीप जलाकर प्रकाश पर्व का उल्लास बिखेरा गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचीं नगर पालिका अध्यक्ष दीक्षा गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान मंडी सचिव मुकेश कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को धनतेरस और दीपावली सहित आगामी त्योहारों की बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंडी सचिव मुकेश कुमार की पहल पर मंडी परिसर को आकर्षक लाइटों और छोटी-छोटी विद्युत झालरों से सजाया गया। दीपों की जगमगाहट और रोशनी से पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष दीक्षा गंगवार के पति कुंवर नरेंद्र सिंह गंगवार, भाजपा नेता, मंडी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, एडवोकेट वसंत कुमार, मंडी कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संदेश दिया।