प्रतापगढ़ जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। हिन्दुस्तान अखबार और सी न्यूज भारत के जिला ब्यूरो रहे पत्रकार रोहित जायसवाल की सुभवा के पास हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित जायसवाल एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुभवा के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।

हादसे के बाद करीब रात 10 बजे उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी लाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक डॉ. नीरज सिंह ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्रकार रोहित जायसवाल के निधन की खबर से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

एक मिलनसार और हरदिल अजीज व्यक्तित्व के धनी रोहित जायसवाल का यूं असमय दुनिया से चले जाना उनके परिजनों, मित्रों और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।