नागौर : रियांबड़ी। श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति, पादू कला के तत्वावधान में शुक्रवार को श्री श्याम बाबा जन्मोत्सव दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लेकर बाबा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे चारभुजा मंदिर, पारीक मोहल्ला से भव्य निशान यात्रा के साथ हुई। श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर पारंपरिक मार्ग से होते हुए श्री श्याम बाबा मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य करते हुए बाबा के जयकारे लगाए।

मंदिर में विशेष फूलों से श्री श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। दिल्ली से मंगवाए गए विशेष पुष्पों से सजे दरबार के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। सायंकाल 6:15 बजे विधि-विधान से महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

रात्रि 7:30 बजे आयोजित भजन संध्या में भजन प्रवाहक मास्टर नानू गोपाली (बीकानेर) ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा। भक्तों ने नृत्य करते हुए बाबा का गुणगान किया
मध्यरात्रि 12 बजे श्री श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर 41 किलोग्राम शुद्ध मावे का केक अर्पित कर बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद मध्यरात्रि 12:15 बजे भव्य आतिशबाजी की गई, श्रद्धालुओं ने "जय श्री श्याम" के जयघोष के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्याम भक्त एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।