मेरठ / हस्तिनापुर।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर थाना हस्तिनापुर क्षेत्र अंतर्गत मखदूमपुर गंगा घाट पर आयोजित भव्य गंगा स्नान मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी (डीएम) मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं सहायक पुलिस अधीक्षक के साथ मेला क्षेत्र का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नाव से घाटों की सुरक्षा का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान आला अधिकारियों ने नाव के माध्यम से गंगा के विभिन्न स्नान घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, जल पुलिस की सक्रियता और श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और गहरे पानी की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को समय रहते सतर्क किया जाए।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी
अधिकारियों का काफिला मेला परिसर में बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी पहुंचा। यहां उन्होंने स्क्रीन के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील बिंदुओं पर हो रही निगरानी की समीक्षा की। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित सेक्टर अधिकारी को दी जाए।
श्रद्धालुओं के डेरों में पहुंचकर किया संवाद
व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए डीएम और एसएसपी ने मेला क्षेत्र में लगे श्रद्धालुओं के डेरों (तंबुओं) में पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से मेले में मिल रही मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया।
अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। अधीनस्थ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और पूरी सतर्कता के साथ मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए