घोड़े, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच निकली यात्रा, 27 नवंबर तक होगा कथा प्रवचन।
भेटुआ (अमेठी)। भेटुआ ब्लॉक के बंदोइया गांव में शुक्रवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। घोड़े, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं के जयकारों से गांव का माहौल भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा गांव के देवी मंदिर, बूढ़े बाबा, भोलेनाथ और हनुमान मंदिर समेत पांच प्रमुख देवस्थलों पर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मंगलकामना की। यात्रा के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
कथा के मुख्य यजमान प्रधानाचार्य उमेश चंद्र त्रिपाठी और उनकी पत्नी शीला त्रिपाठी हैं। श्रीधाम वृंदावन से आए कथाव्यास शिवेश शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से 21 नवंबर से प्रतिदिन दोपहर दो बजे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। 27 नवंबर को कथा का विश्राम होगा। 28 नवंबर को हवन एवं पूर्णाहुति और 29 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के प्रेरक अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की।