वोटिंग से पहले ईवीएम का डेमो, डीएम ने परखी व्यवस्था
अमेठी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को डीएम शशांक चौधरी ने गौरीगंज तहसील में स्थापित ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं।
मतदान प्रक्रिया समझाने पर जोर
डीएम ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट का अवलोकन किया। अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि केंद्र पर पहुंचने वाले नागरिकों को सरल भाषा में मतदान प्रक्रिया समझाई जाए। मशीनों के जरिए व्यावहारिक प्रदर्शन कर मतदाताओं की शंकाओं का समाधान भी किया जाए।
मतदान पर भरोसा बढ़ाने की पहल
डीएम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं का जागरूक होना और निर्वाचन प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखना जरूरी है। ईवीएम से मतदान के बाद वीवीपैट में पर्ची कुछ सेकंड दिखाई देती है, जिससे मतदाता अपने मत की पुष्टि कर सकते हैं।
उन्होंने अभियान को अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव से पहले मतदाता पूरी प्रक्रिया समझ सकें और मतदान के दिन किसी तरह की असमंजस न हो।
निर्भीक होकर करें मतदान
डीएम ने मतदाताओं से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिना भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि आपका वोट, आपका भविष्य है और लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अहमियत है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव ने भी प्रदर्शन केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को मतदाताओं को लाइव डेमो दिखाने और उनकी जिज्ञासाओं का संतोषजनक समाधान करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सहित जिले की अन्य तहसीलों में भी ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।