नागौर : रियां बड़ी,जाटावास क्षेत्र में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर निराश्रित गौवंश व वन्य जीव सेवा मित्रों द्वारा सराहनीय गौ सेवा अभियान चलाया गया। सेवा कार्य के तहत लगभग 180 किलोग्राम लापसी तैयार कर गांव की गलियों, मोहल्लों तथा आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे बेसहारा गौवंश को प्रेमपूर्वक खिलाई गई।
सेवा मित्रों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की कथा हमें प्राकृतिक संसाधनों, गौवंश और अन्नदाता के सम्मान का संदेश देती है। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व समाज को संकट के समय एकजुट होकर सेवा, सहयोग और मानवता का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर उपस्थित गौभक्तों ने कहा कि दीपावली के बाद मनाया जाने वाला यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गौ सेवा, जीव दया और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। सभी लोगों से निराश्रित गौवंश एवं वन्य जीवों के लिए समय-समय पर चारा, पानी और उपचार जैसी सेवाओं में सहयोग करने की अपील की गई।