बाजारों में बढ़ेगी पुलिस गश्त, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर



नागौर : पादूकलां। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को स्थानीय पुलिस थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों एवं सी-मित्रों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वृत्ताधिकारी (सीओ) अजीत पाल ने की, जबकि थाना अधिकारी देवी लाल ने बैठक का संचालन किया। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अजीत पाल ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, जिसे आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

थाना अधिकारी देवी लाल ने बताया कि दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्य बाजारों और कस्बे के प्रमुख स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जाएगी तथा सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही, बाजारों में जाम की स्थिति से बचने के लिए नो-पार्किंग व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

बैठक में व्यापारियों एवं सीएलजी सदस्यों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा दीपावली के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

बैठक में मौजूद रहे: नगरपालिका चेयरमैन सुनील कुमार चौहान, सरपंच भन्नाराम बेड़ा, अशोक कुमार चौहान, दलाराम गटियाला, पवन लखारा, गोविंद टांडा, रमेश पारीक सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, सी-मित्र एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।