गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत, चैंबर निर्माण के लिए भूमि पूजन कर किया पौधरोपण; न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद
मवाना (मेरठ)। मेरठ रोड स्थित मवाना खुर्द में नवनिर्मित एकीकृत बाह्य न्यायालय के उद्घाटन समारोह का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति न्यायमूर्ति अजीत कुमार मुख्य रूप से पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में न्यायालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने न्यायालय परिसर में चैंबर निर्माण के लिए आवंटित भूमि पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया तथा शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। तत्पश्चात नवनिर्मित एकीकृत बाह्य न्यायालय मवाना खुर्द का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
न्यायालय के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मवाना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने में इस न्यायालय की महत्वपूर्ण भूमिका रहने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर न्यायालय की स्थापना से अधिवक्ताओं और वादकारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
इस अवसर पर मेरठ के जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा, प्रशांत मौर्य, मवाना के जेएम, एसडीएम संतोष कुमार सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ पंकज लवानिया, मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तोमर सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह के दौरान न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया। न्यायालय परिसर में उद्घाटन, भूमि पूजन, शिलान्यास और पौधरोपण कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे।