*कादीपुर (सुल्तानपुर)।* कादीपुर नगर के जूनियर हाईस्कूल परिसर में 28 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा का बृहस्पतिवार को भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन पूज्य कथावाचक बाबा बजरंगदास जी महाराज एवं बाल व्यास श्री संपूर्णानंद जी महाराज की सानिध्य में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की कथा का भावपूर्ण वर्णन
किया गया।

कथावाचक बाबा बजरंगदास जी महाराज ने भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब भगवान श्रीराम का अयोध्या में राज्याभिषेक हुआ, तो संपूर्ण अयोध्या नगरी खुशियों से झूम उठी। चारों ओर उत्सव का माहौल छा गया और प्रजा में हर्ष एवं उल्लास की लहर दौड़ गई। रामराज्य की स्थापना के इस प्रसंग को सुनकर कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कथा के अंतिम दिन जूनियर हाईस्कूल परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह भरा रहा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण किया। वहीं ढोल-नगाड़ों और मधुर संगीत की धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संगीत मंडली के विपुल दुबे, मोहित परमानंद जी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं सहयोगी ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह रहे। इस अवसर पर आयोजक बहुउद्देशीय शिव सेवा समिति गौरा-बीबीपुर की ओर से कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। पूज्य व्यासपीठ के महाराज बाबा बजरंगदास जी एवं बाल व्यास श्री संपूर्णानंद जी महाराज की उपस्थिति में मुख्य यजमान सुरेंद्र प्रताप सिंह और सहयोगी ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह को माला पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया गया।

इस दौरान सूर्यलाल गुप्ता, रमेश मोदनवाल, मथुरा प्रसाद जटायु, इंद्रेश सिंह, एडवोकेट सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

नौ दिवसीय कथा के सफल समापन पर मुख्य यजमान सुरेंद्र प्रताप सिंह ने संगीत मंडली के सदस्यों को माला पहनाकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही वर्ष 2027 में इस आयोजन की रजत जयंती मनाए जाने की बात भी कही गई।

*इस प्रकार भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक एवं रामराज्य की मंगलमयी कथा के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भक्तिमय समापन हुआ।*