समाजवादी भाईचारा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान, बोले—हस्तिनापुर से शुरू होगी जीत की शुरुआत

मवाना, मेरठ। मवाना के गार्डन सिटी मंडप में गुरुवार, 5 नवंबर को समाजवादी पार्टी के भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की भावना को मजबूत करने, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगेश वर्मा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। उन्होंने हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि हस्तिनापुर से जीत की शुरुआत होगी और प्रदेशभर में समाजवादी पार्टी की साइकिल दौड़ेगी।


योगेश वर्मा ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी को नुकसान पहुंचाने या भीतरघात करने वालों के मामले में सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के आपसी तालमेल से ही चुनावी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।


सम्मेलन से पूर्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में पीडीए की अवधारणा, सामाजिक समानता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में भाईचारा और परस्पर सम्मान बनाए रखना बेहद जरूरी है। पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और अन्य वर्गों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाकर सामाजिक एकता को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राजन वर्मा बस्तोरा से मनोज प्रधान, इंद्रजीत, जयंत, अजय सागर, तोफापुर के प्रधान प्रदीप नागर, रवि, शिवान्या सिंगर, डॉ. अनिल कुमार और अजय हस्तिनापुर गुड्डू चेतावाला कपिल राजन कर्दम उदय सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।