नागौर : ग्राम कोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान चारभुजानाथ एवं राधा-कृष्ण को अन्नकूट का भोग अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
आयोजन में पुष्कर से पधारे अतिथियों के साथ मंदिर अध्यक्ष कैलाश चंद्र जोशी, घनश्याम चंद्र, नोरतमल पारीक, प्रेमचंद्र रांकावत, रांकावत ब्रदर्स, रामनिवास प्रजापत, भंवर दास, ग्राम पंचायत सरपंच पार्वती देवी एवं छोटूराम सहित गणमान्य लोगों ने महाआरती में सहभागिता निभाई।
महोत्सव में मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। वहीं बाल गोपालों का उत्साह और सेवा भावना विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन की तैयारियों से लेकर प्रसाद बनाने और श्रद्धालुओं में वितरण करने तक बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनकी सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। आयोजन ने ग्रामीणों की धार्मिक आस्था, सामूहिक सहभागिता और आपसी सद्भाव की सुंदर मिसाल पेश की।
चारभुजानाथ व राधा-कृष्ण को लगाया छप्पन भोग, महाआरती में उमड़े श्रद्धालु