नीम और शीशम के पेड़ों को आग लगाकर नष्ट करने का आरोप, वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई

हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर रेंज के विदुर वन ब्लॉक स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में एक नीम और एक शीशम के पेड़ को आग लगाकर क्षतिग्रस्त करने, उनकी छाल हटाने, जड़ों के आसपास की मिट्टी खोदने और शाखाओं की छंटाई करने का मामला सामने आया। वन विभाग ने मौके से संजय पुत्र उदयवीर सिंह, निवासी मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद को पकड़ा। विभाग की ओर से आरोपी पर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर वसूल किया गया।
वन विभाग के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को विदुर वन ब्लॉक के आरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों को नुकसान पहुंचाए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान सामने आया कि पेड़ों को सुखाने और नष्ट करने के उद्देश्य से उनके तनों में आग लगाई गई थी। इसके अलावा पेड़ों की छाल हटाने, जड़ों के आसपास की मिट्टी निकालने और लॉपिंग के जरिए शाखाओं को काटने से भी वन संपदा को नुकसान पहुंचाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई की। मौके पर मिले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। विभाग ने दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 1,50,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित कर वसूल किया।
वन भूमि को नुकसान पहुंचाने पर होगी सख्त कार्रवाई
मेरठ वन प्रभाग की प्रभागीय निदेशक सुश्री वंदना ने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन क्षेत्र में अतिक्रमण, जुताई-बुवाई, मिट्टी हटाने, पेड़ों की छाल छीलने, जड़ों को नुकसान पहुंचाने, अवैध कटाई-छंटाई और आग लगाने जैसी गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में अपराध की प्रकृति के अनुसार जुर्माना और कारावास सहित कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों से वन एवं वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना वन विभाग को देने की अपील की।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
यह कार्रवाई वन क्षेत्राधिकारी सुश्री खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। टीम में सेक्शन अधिकारी गौरव गर्ग, वन दरोगा ऋषभ, बीट प्रभारी अतुल स्वामी, वन रक्षक खुशीराम तथा वाचर दालचंद और समंदर दास शामिल रहे।