पट्टी प्रतापगढ़। आज पट्टी तहसील क्षेत्र सरसतपुर, रायपुर, सलाहपुर, बहुता सहित विभिन्न गांवों में कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान किसानों को खेतों में पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कृषि विभाग के कर्मचारियों ने किसानों को बताया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा खेतों की मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। किसानों को पराली जलाने के बजाय उसके उचित प्रबंधन के तरीके अपनाने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने किसानों को विशेष रूप से बताया कि पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी सेटेलाइट के माध्यम से की जा रही है। ऐसे में किसान पराली जलाने से बचें और फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें।
इस जागरूकता अभियान के दौरान कृषि प्राविधिक सहायक पट्टी अनीष जायसवाल एवं विवेक कुमार मौजूद रहे। कृषि विभाग की टीम ने किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने और पराली न जलाने की अपील की।