मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना' के अंतर्गत बुधवार को जिला प्रशासन मेरठ के पर्यवेक्षण में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मवानाखुर्द स्थित भगवती गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 168 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिनमें 108 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ और 60 मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के लिए कुल 178 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका हस्तिनापुर की अध्यक्ष श्रीमती सुधा खटीक और परियोजना निदेशक (डी.आर.डी.ए.) श्री सुनील कुमार सिंह ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। अपने संबोधन में श्रीमती सुधा खटीक ने इस योजना को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि एक ही पंडाल के नीचे हिंदू रीति-रिवाज से फेरे और मुस्लिम परंपरा से निकाह का आयोजन समाज में सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करता है।
किस क्षेत्र से कितने जोड़ों का हुआ विवाह
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों और नगर पंचायतों से आए जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनका विवरण इस प्रकार है:
विकास खंड: परीक्षितगढ़ (46), माछरा (34), हस्तिनापुर (29), मवानाकलां (29), सरधना (04) और दौराला (03)।
नगर निकाय: हस्तिनापुर (05), मवाना (05), परीक्षितगढ़ (05), फलावदा (05) और नगर पंचायत बहसुमा (03)।
प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही सरकार
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मेरठ में इस योजना के तहत अब तक 1034 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रति जोड़े पर कुल 1,00,000 (एक लाख) रुपये व्यय करने का प्रावधान है:
64,000 रुपये की धनराशि सीधे कन्या के बैंक खाते में डी.बी.टी. (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है।
21,000 रुपये की गृहस्थी व वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की जाती है।
15,000 रुपये विवाह कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (हस्तिनापुर) मनोज भारद्वाज, खंड विकास अधिकारी (परीक्षितगढ़/मवाना) सतीश कुमार, सहायक विकास अधिकारी (स.क.) अनिल कुमार, प्रवेश कुमार, अरुण कुमार, मनोज कुमार, अविनाश चौधरी, विवेक कुमार सहित समाज कल्याण विभाग के कार्यालय स्टाफ से श्रीमती दरख्शां परवीन, राजकुमार, रोशन कुमार, राजेश कुमार व समस्त क्षेत्रीय कर्मचारी उपस्थित रहे।