फॉर्च्यूनर चोरी करने वाले दो आरोपी नवी मुंबई से गिरफ्तार, कार बरामद
प्रयागराज। सिविल लाइन्स पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से चोरी की गई फॉर्च्यूनर कार के मामले में दो आरोपियों को महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित तलोजा क्षेत्र के MIDC ग्राउंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी की कार भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड मो. इस्तियाक उर्फ मो. शाह (45), निवासी पुणे, मूल निवासी रसूलाबाद, थाना शिवकुटी, और मो. आजम (29), निवासी बेली गांव, थाना कैंट, प्रयागराज शामिल हैं।
24 अक्टूबर 2026 को पीयूष जायसवाल, निवासी गंगानगर, राजापुर ने सिविल लाइंस के म्योर रोड स्थित होटल रॉयल स्टे इन के बाहर खड़ी अपनी फॉर्च्यूनर चोरी होने की सूचना दी थी। इस पर मुकदमा संख्या 511/2026, धारा 303(2) BNS में दर्ज हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आजम कार धुलवाने सिविल लाइंस आया था, तभी इस्तियाक ने चोरी की योजना बनाई। दोनों ने साथियों के साथ मिलकर कार की डुप्लीकेट चाबी बनवाई और 22 अक्टूबर की रात कार चुरा ली। वे नैनी, छिवकी, मेजा, कोराव और रीवा के रास्ते मुंबई पहुंचे। रास्ते में असली नंबर प्लेट UP32HQ9596 हटाकर फर्जी प्लेट MH14EH7007 लगा दी गई। आरोपी कार को मुंबई में बेचने की फिराक में थे।
बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) BNS बढ़ाई गई। आरोपियों को 18 नवंबर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।