दिलीपपुर। थाना क्षेत्र के सरखेलपुर गांव में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंची विभागीय टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। बकाया भुगतान न होने पर काटे गए बिजली कनेक्शन को आरोपियों ने जबरन दोबारा जोड़ लिया। विरोध करने पर टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई। मामले में अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने फरमान खां समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अधिशासी अभियंता प्रतापगढ़ के निर्देश पर बुधवार को सरखेलपुर गांव में राजस्व वसूली के लिए विद्युत विभाग की ओर से कैंप लगाया गया था। उपखंड अधिकारी और विद्युत उपकेंद्र उड़ैयाडीह के अवर अभियंता जयराज राजपूत के नेतृत्व में विभागीय टीम बकाया बिजली बिल की वसूली के साथ ही बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान टीम ने गांव निवासी मो. हदीश खां पुत्र शमीम खां के विद्युत कनेक्शन को बकाया बिल के आधार पर काट दिया। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, उपभोक्ता के खाता संख्या पर 52 लाख 45 हजार 400 रुपये का बकाया था। आरोप है कि कनेक्शन काटे जाने से नाराज होकर हदीश खां का पुत्र फरमान खां अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया और बिजली कर्मियों से विवाद करने लगा। आरोप है कि फरमान और उसके साथ मौजूद लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, बिना बकाया बिल जमा किए काटे गए विद्युत कनेक्शन को जबरन दोबारा जोड़ लिया और विरोध करने पर कर्मचारियों को मारपीट की धमकी दी। घटना के बाद अवर अभियंता जयराज राजपूत ने दिलीपपुर थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष को लिखित तहरीर दी। उन्होंने फरमान खां पुत्र मो. हदीश खां और उसके साथ मौजूद अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की।
मामले में थानाध्यक्ष विजयकांत सत्यार्थी ने बताया पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।