20 नवंबर को मतगणना कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के दिए निर्देश

नागौर : जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने बुधवार शाम को मतगणना स्थल पर की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतगणना कक्षों, टेबल व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



कुमार ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मतगणना दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा अथवा अव्यवस्था नहीं हो। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने तथा मतगणना से पूर्व सभी तैयारियों का पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि 20 नवंबर को मतगणना कार्य निर्बाध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के आपसी समन्वय से मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। मतगणना के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया जाएगा तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाएगी।



उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामरतन सौंकरिया ने मतगणना स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं, प्रबंधन एवं अब तक पूर्ण की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।