नागौर : रियां बड़ी। कस्बे में दिनों-दिन बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था आमजन और व्यापारियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर छोटे व्यापारियों द्वारा सड़क किनारे ठेले और अस्थायी दुकानें लगाए जाने से सड़क की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है। वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों का शहर के बीच से गुजरना जाम की स्थिति को और अधिक गंभीर बना देता है।
व्यस्त समय में बस स्टैंड, मुख्य बाजार और प्रमुख चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। पैदल चलने वाले लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी सड़क पार करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। कई बार अन्य आपातकालीन वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर किए गए अतिक्रमण को व्यवस्थित किया जाए, ठेला व्यापारियों के लिए अलग स्थान चिन्हित किया जाए तथा भारी वाहनों के लिए बाईपास या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए तो ट्रैफिक समस्या में काफी हद तक सुधार हो सकता है।