प्रयागराज में 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन शुरू, आनंद भवन से धावकों को दिखाई गई हरी झंडी
प्रयागराज। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
फुल मैराथन में 42.195 किलोमीटर और हाफ मैराथन में 21.0975 किलोमीटर की दौड़ होगी। धावक शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां फुल मैराथन का समापन होगा।
फुल मैराथन के विजेता को 2 लाख रुपये, जबकि हाफ मैराथन के विजेता को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि करीब छह साल बाद इस आयोजन में हाफ मैराथन की वापसी हुई है।
दोपहर 2:30 बजे स्टेडियम में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।