आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर जोर; नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं महिला योग प्रशिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण



राजस्थान : नागौर । आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग, राजस्थान सरकार एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दीपावली पश्चात तीन चरण बुधवार को संपन्न हुए। प्रशिक्षण में आयुर्वेद नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं महिला योग प्रशिक्षकों को आयुर्वेद, योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ आहार-विहार, रोगों की रोकथाम एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के पूर्व दो चरण आयोजित किए जा चुके थे। दीपावली के बाद प्रशिक्षण के अगले तीन चरण 12-13 नवंबर, 14-15 नवंबर तथा 17-18 नवंबर को आयोजित किए गए। बुधवार को अंतिम चरण के समापन के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण हुआ। कार्यक्रम का आयोजन नागौर में किया गया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों एवं योग प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों का रहा मार्गदर्शन

प्रशिक्षण कार्यक्रम आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. गोविंद सहाय शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र पंवार एवं डॉ. कैलाश ताडा, अध्यक्ष,आयुर्वेद मेडिकल एसोसिएशन डॉ. ओम प्रकाश पूनिया ने कार्यक्रम संयोजक के रूप में प्रशिक्षण सत्रों का समन्वय किया। विभिन्न विषयों पर विभागीय चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉक्टर गोविंद सहाय शर्मा, पूर्व सहायक निदेशक डॉ. गोपाल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में समर्पण, जिम्मेदारी एवं जनसेवा की भावना से कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत कार्मिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, रोगों की रोकथाम एवं आमजन तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ जीवन का संदेश

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सुनीता, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय, नागौर ने आयुर्वेद नर्स-कम्पाउंडर एवं महिला योग प्रशिक्षकों सहित प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम तथा प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में योग एवं प्राणायाम अपनाने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, तनाव प्रबंधन, उचित दिनचर्या तथा प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। विभिन्न योग एवं श्वसन अभ्यासों की उपयोगिता बताते हुए उन्होंने नियमित अभ्यास से स्वास्थ्य संवर्धन एवं जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने के बारे में समझाया।

महिला योग प्रशिक्षकों को योग अभ्यासों के संचालन, प्राणायाम की तकनीकों, अभ्यास के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को योग से जोड़ने के तरीकों की जानकारी दी गई। उन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित योग गतिविधियां संचालित कर आमजन को योग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

संतुलित आहार एवं दिनचर्या से रोगों की रोकथाम पर जोर

डॉ. कैलाश ताडा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने स्वस्थ आहार, संतुलित पोषण, दैनिक दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव एवं अव्यवस्थित दिनचर्या के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा एवं अन्य गैर-संचारी रोगों का खतरा बढ़ता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को आमजन के बीच संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, उचित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रकृति परीक्षण एवं सीबीएसी फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की।

सामान्य बीमारियों एवं स्वास्थ्य जांच संबंधी प्रशिक्षण

डॉ. नरेंद्र पंवार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत कार्मिकों के दायित्वों, आयुष औषधि किट के उपयोग, स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वय एवं मरीजों को आवश्यकतानुसार उचित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की प्रक्रिया समझाई।
डॉ. संत प्रसाद त्रिपाठी ने व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्वच्छता, दैनिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, स्वच्छ वातावरण एवं स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बीच संबंध बताते हुए अपने कार्यक्षेत्र में स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. दिनेश राम फुलवरिया ने सामान्य बीमारियों के प्रबंधन, घरेलू उपचार एवं औषधीय पौधों के संवर्धन और उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध औषधीय पौधों की पहचान, उपयोगिता एवं स्वास्थ्य संवर्धन में उनकी भूमिका के बारे में बताया।
डॉ. लक्ष्मण सिंह उदावत ने गर्भावस्था जांच, हीमोग्लोबिन परीक्षण, यूरिन जांच, ब्लड शुगर जांच तथा डेंगू, मलेरिया एवं एचआईवी सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षणों की प्रक्रिया एवं महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने समय पर जांच, स्क्रीनिंग एवं रोगों की प्रारंभिक पहचान के महत्व पर जोर दिया।
डॉ. ओम प्रकाश पूनिया (अध्यक्ष नागौर आयुर्वेद मेडिकल एसोसिएशन ) ने आयुष सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान संचालित करने तथा आयुष सेवाओं के प्रचार-प्रसार के विषय में जानकारी दी।
डॉ. हुकमाराम प्रजापत ने रिपोर्टिंग, इन्वेंटरी मैनेजमेंट, रिकॉर्ड मेंटेनेंस एवं आवश्यक स्वास्थ्य अभिलेखों के संधारण की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों के उचित प्रबंधन तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने की आवश्यकता बताई।

व्यवहारिक जानकारी एवं सामूहिक चर्चा से प्रशिक्षण को बनाया उपयोगी


प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर व्यावहारिक जानकारी देने के साथ प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए चर्चा एवं समस्या समाधान सत्र भी आयोजित किए गए। इनमें स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं, मरीजों को परामर्श देने, आवश्यक स्वास्थ्य जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, रिकॉर्ड संधारण एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के संचालन पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण इकाई हैं। यहां कार्यरत आयुर्वेद नर्स-कम्पाउंडर, एएनएम, आशा सहयोगिनियां एवं महिला योग प्रशिक्षक समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच मजबूत कड़ी हैं। इनकी दक्षता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, रोगों की समय पर पहचान तथा आमजन तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

*गांव-गांव तक पहुंचेगा आयुर्वेद एवं योग का संदेश*

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षित कार्मिकों के माध्यम से आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता जन-जन तक पहुंचाना तथा आमजन को उपचार के साथ रोगों से बचाव एवं स्वास्थ्य संवर्धन के प्रति जागरूक करना रहा।

प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को अपने कार्यक्षेत्र में प्राप्त ज्ञान का उपयोग करने, नियमित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा लोगों को संतुलित आहार, योग, प्राणायाम, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय अधिकारियों, कार्यक्रम संयोजकों, विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षकों एवं सभी प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता रही। इस पहल से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण स्तर पर आयुर्वेद एवं योग आधारित स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की अपेक्षा है।