प्रयागराज में महिला ने दो बेटियों संग गंगा में लगाई छलांग, जल पुलिस और NDRF ने बचाई जान
प्रयागराज। शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित फाफामऊ ब्रिज से आज एक महिला ने अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहले से तैनात प्रयागराज जल पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम तुरंत हरकत में आई। टीम ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बिना समय गंवाए महिला व दोनों बच्चियों को गहरे पानी से सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद पुलिस ने तीनों को प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक या घरेलू कलह की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
थाना शिवकुटी पुलिस महिला की पहचान करने और उसके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। परिजनों से पूछताछ के बाद मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने जल पुलिस और एनडीआरएफ टीम की तत्परता की सराहना की, जिनकी सतर्कता से तीन जिंदगियां बच गईं।