राजस्थान : नागौर (बिखरनिया कलां) देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत शहीद भूराराम जाजड़ा को रविवार को उनके पैतृक क्षेत्र में सैन्य परंपराओं के अनुसार पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम नमन किया।

अंतिम संस्कार मे डोडियाना गांव से बिखरनिया कलां तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए हजारों युवा, ग्रामीण, महिलाएं तथा आसपास के गांवों से आए नागरिक इस यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति के जोश के बीच लोगों ने अपने वीर सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर पादूकलां थाना प्रभारी (SHO) देवी लाल, डेगाना तहसीलदार सपना सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया।

शहीद भूराराम जाजड़ा के पिता गिरधारी राम जाजड़ा, भाई मोतीराम जाजड़ा, पत्नी अंजू चौधरी (पीटीआई शिक्षिका) तथा उनकी नन्ही बेटी प्रिंस सहित पूरा परिवार इस असहनीय दुख की घड़ी में शोकाकुल रहा। परिवार के काकाजी छोटूराम जाजड़ा तथा मामा छगन जी और केसाराम सहित समस्त जाजड़ा परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

शहीद भूराराम जाजड़ा का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। क्षेत्रवासी अपने इस वीर सपूत की शहादत को गर्व, सम्मान और कृतज्ञता के साथ हमेशा याद रखेंगे। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।