पट्टी। नगर से सटे कोठियार गांव में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों के विरोध पर विवाद हो गया। आरोप है कि मानकों के विपरीत सड़क निर्माण कराए जाने की शिकायत पर ठेकेदार ने ग्रामीणों से गाली-गलौज की और फायरिंग कर दी। गोली चलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब 30 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का टेंडर स्वीकृत हुआ है। आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही थी। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इसी बात को लेकर मौके पर पहुंचे ठेकेदार से विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से कारतूस का खोखा बरामद किया। पुलिस ने महिंद्रा थार और गिट्टी लदे स्वराज ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया। मामले में गांव निवासी मुन्ना पटेल ने पुलिस को तहरीर दी है।
सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने नामजद आरोपी जावेद अख्तर और दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।