प्रतापगढ़। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय महिला यात्री का पर्स चोरी करने वाली शातिर महिला को जीआरपी प्रतापगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पर्स, 5,442 रुपये नकद, एक आधार कार्ड और करीब आठ हजार रुपये कीमत का सफेद धातु का एक जोड़ी बिछुआ बरामद किया है। गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले से ही चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र के कटरा लालगंज निवासी रजनी पत्नी मनोज कुमार 21 नवंबर को अपने पति के साथ गौरीगंज रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी ट्रेन में सवार होकर प्रतापगढ़ आ रही थीं। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय किसी ने उनका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 5,442 रुपये नकद, आधार कार्ड और सफेद धातु का एक जोड़ी बिछुआ रखा था। घटना की जानकारी होने पर महिला ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान जीआरपी पुलिस ने सुरागरसी करते हुए 21 नवंबर को गौरीगंज रेलवे स्टेशन से आरोपी महिला मामोनी बैध उर्फ ममुनी देवी पत्नी नटवर बैध उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी गया पर्स और उसमें रखे रुपये, आधार कार्ड व बिछुआ बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला मूल रूप से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के जमुरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वर्तमान में वह बिहार के रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र में रह रही थी। उसके खिलाफ जीआरपी प्रयागराज में वर्ष 2017, 2022 और 2025 में चोरी के तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 29/26 में बीएनएस की धारा 305(सी), 317(2) और 317(4) के तहत कार्रवाई की है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

आरोपी महिला को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी, महिला कांस्टेबल संजू यादव और जीआरपी चौकी अगौरी पोस्ट प्रतापगढ़ की महिला कांस्टेबल हिमा सिंह शामिल रहीं।