प्रयागराज में देव दीपावली की धूम, रोशनी से नहाया सिविल लाइंस
प्रयागराज। देव दीपावली के पावन पर्व को लेकर शहर में उत्सव का माहौल बन गया है। सिविल लाइंस क्षेत्र के मुख्य मार्गों, चौराहों, बाजारों और प्रमुख भवनों को रंग-बिरंगी झालरों, लाइटों और सजावटी सामानों से सजाया गया है। शाम ढलते ही पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
नगर निगम और स्थानीय व्यापारियों की ओर से सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया है। एमजी मार्ग, सुभाष चौराहा, पत्थर गिरजाघर चौराहा और हनुमान मंदिर चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर आकर्षक लाइटिंग की गई है। दुकानों के बाहर भी झालरें और दीपों की सजावट देखने को मिल रही है।
देव दीपावली पर संगम तट पर दीपदान और गंगा आरती का विशेष आयोजन होगा, लेकिन उससे पहले ही सिविल लाइंस में त्योहार की रौनक दिखाई दे रही है। शाम को परिवार सहित लोग सैर पर निकल रहे हैं और सजावट का आनंद ले रहे हैं। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सजावट से बाजार में रौनक बढ़ी है और ग्राहकों की आवाजाही में इजाफा हुआ है। त्योहार के मद्देनजर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रयागराज में देव दीपावली की धूम, रोशनी से नहाया सिविल लाइंस