नागौर : रियांबड़ी ,(जाटावास) कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर निराश्रित गोवंश व वन्य जीव सेवा मित्रों द्वारा ग्राम जाटावास एवं आसपास के लगभग 3 किलोमीटर क्षेत्र में जीव सेवा का सराहनीय कार्य किया गया। सेवा मित्रों ने लगभग 180 किलो मीठी लापसी तैयार कर सड़कों, गलियों तथा विभिन्न स्थानों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश, आवारा कुत्तों और कौओं को भोजन कराया।
लापसी का वितरण ओमनाथजी अखाड़े से जैजासनी रोड पियाऊ, राइका बाग, रियांबड़ी, पुलिस चौकी, जाटावास फांटा होते हुए तेजा चौक तक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गोभक्तों ने सेवा कार्य में भाग लेकर बेजुबान जीवों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया।
इस सेवा अभियान में ग्राम पंचायत जाटावास के सरपंच भगवान राम माली, श्याम सुंदर जोशी, लखन, हरेंद्रनाथ, कपिल, रामकिशोर भुंकर सहित अनेक गौभक्तों का आर्थिक एवं श्रम सहयोग रहा। सभी सहयोगियों ने सेवा को मानवता का सर्वोच्च धर्म बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरपंच भगवान राम माली ने कहा कि गायों एवं वन्य जीवों की सेवा करना हमारा नैतिक और धार्मिक कर्तव्य है। बेजुबान जीव अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनके भोजन, पानी और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में करुणा, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश देते हैं तथा सभी लोगों को जीवों की निरंतर सेवा और देखभाल के लिए प्रेरित करते हैं।