गलत आख्या पर नारीबारी में नया विकासखंड बनने पर संशय,
खीरी ब्लॉक के प्रस्ताव पर गरमाई सियासत, बारा क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय का आरोप
बारा प्रयागराज,बारा क्षेत्र के उपरहार इलाके में नारीबारी को नया विकासखंड (ब्लॉक) बनाने की दशकों पुरानी मांग अधिकारियों की गलत आख्या के कारण फिलहाल संकट के बादल मंडराते दिख रहे हैं। जिला विकास अधिकारी प्रयागराज की ओर से शासन को भेजी गई आख्या के बाद क्षेत्र में सियासी हलचल और विरोध तेज हो गया है।
शिकायतकर्ता कुलदीप पाठक (सदस्य, जिला कार्य समिति भाजपा, शंकरगढ़ मंडल) द्वारा आईजीआरएस (IGRS) संदर्भ संख्या 70175260012920 के माध्यम से विकासखंड शंकरगढ़ को विभाजित कर उपरहार क्षेत्र में नारीबारी के नाम से नया विकासखंड बनाने की मांग की गई थी। इसके क्रम में जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा ने पत्रांक 2272 (दिनांक 13-11-2026) के जरिए शासन को रिपोर्ट भेजी, जिसमें नारीबारी को नया ब्लॉक बनाने का औचित्य न होने का निष्कर्ष दिया गया है।
*प्रशासनिक रिपोर्ट में क्या कहा गया*
शासन को भेजी गई रिपोर्ट में कोरांव, शंकरगढ़ और जसरा के खंड विकास अधिकारियों की आख्याओं (दिनांक 09-07-2026) का हवाला देते हुए प्रमुख बिंदु रखे गए हैं:
*दूरी और सीमा*: रिपोर्ट के अनुसार नारीबारी से खीरी की दूरी लगभग 7 से 8 किलोमीटर बताई गई है, जबकि वास्तविक दूरी लगभग 12 किलोमीटर से अधिक है। बताया गया कि बारा और कोरांव विधानसभा क्षेत्रों के बीच टोंस नदी सीमा का काम करती है।
*खीरी ब्लॉक का प्रस्ताव* खीरी को नया विकासखंड बनाए जाने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है।
*ग्राम पंचायतों का विवरण* कोरांव विकासखंड की कुल 115 ग्राम पंचायतों में से 27 ग्राम पंचायतों को नवसृजित विकासखंड खीरी में शामिल करने का प्रस्ताव है, जबकि शेष 88 ग्राम पंचायतों में से किसी की भी सीमा नारीबारी से नहीं लगती। इसी आधार पर नारीबारी को नया विकासखंड गठित करने का औचित्य नहीं माना गया।
*2017 से जारी मांग और राजनीतिक आरोप*
दी गई जानकारी और आपत्तियों के अनुसार, नारीबारी को नया ब्लॉक बनाने की मांग वर्ष 2017 से लगातार उठाई जा रही है और पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा कई बार शासन को सकारात्मक व सही रिपोर्ट भेजी गई थी। वर्तमान बारा विधायक ने भी इस विषय को विधानसभा में उठाया था।
आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक दबाव में बारा विधानसभा के शंकरगढ़ और जसरा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों को खीरी ब्लॉक में जोड़कर रिपोर्ट भेजी गई है, जिसे अनुचित बताया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि खीरी ब्लॉक का गठन कोरांव ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के विभाजन से ही होना चाहिए। उल्लेखनीय है कि पूर्व में दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित एक रिपोर्ट में भी नारीबारी को नया विकासखंड बनाने की प्रक्रिया, सर्वेक्षण तथा शंकरगढ़ और जसरा के कुछ हिस्सों को जोड़ने से जुड़े विवरण सामने आए थे।
*डीएम के जनसुनवाई में आपत्ति, सीडीओ को जांच के आदेश*
एकतरफा और बिना संवाद व स्थलीय निरीक्षण के आख्या तैयार करने का आरोप लगाते हुए 23 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी प्रयागराज के जनसुनवाई में आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने पूर्व रिपोर्ट को निरस्त कर पुनः सही जांच कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज को जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे विकासखंड शंकरगढ़ को विभाजित कर नारीबारी को नया ब्लॉक बनवाने के लिए एकजुट हों, बारा विधानसभा क्षेत्र को खीरी ब्लॉक में शामिल होने से रोकें और मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव (उ.प्र. शासन) तथा सचिव (ग्राम्य विकास विभाग) तक अपनी मांग मजबूती से पहुंचाएं। क्षेत्रीय नागरिक नन्द कुमार त्रिपाठी, महेन्द्र कुमार शुक्ल, घनश्याम चतुर्वेदी, विकाश चन्द शुक्ल आदि लोगों ने नारीबारी को ब्लाक बनाने की मांग किया है।
गलत आख्या पर नारीबारी में नया विकासखंड बनने पर संशय,