धान की आवक से गुलजार हुई मंडियां, रीवा बांदा से पहुंच रहे किसान और व्यापारी
बारा प्रयागराज,पाठा क्षेत्र में धान की खरीद-बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। धान की फसल तैयार होते ही दूर-दूर से किसान अपनी फसल लेकर क्रय केंद्रों और मंडियों पर पहुंच रहे हैं। वहीं बड़े व्यापारी भी अच्छी गुणवत्ता का धान खरीदने के लिए क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं।
सुबह से ही सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी कतारें लग रही हैं। मंडियों में दिनभर तौल, लोडिंग और भुगतान का काम चल रहा है।
क्षेत्र के किसान बृजेश शुक्ल, बब्लू मिश्रा , विमल शुक्ल,अखिलेश मिश्रा, श्याम बिहारी, सुधाकर सिंह, राधेश्याम यादव ने बताया कि, इस बार धान की पैदावार अच्छी हुई है। हम अपनी फसल लेकर यहां आए हैं। बस यही चाहते हैं कि तौल सही हो और पैसा समय पर मिल जाए।
वहीं दूसरे किसान कौशल ने कहा कि, दूर-दूर से व्यापारी आ रहे हैं, इससे हमें अच्छा दाम मिलने की उम्मीद है। लेकिन व्यापारी पंद्रह दिन, एक महीने की उधारी पर धान खरीदी कर रहे हैं। पूर्व में उधारी धान बेचने पर किसानों के करोड़ो रुपए डूब गए हैं, प्रशासन अगर ध्यान दे तो बिचौलियों से छुटकारा मिल जाएगा। ज्ञात हो कि बाजार में धान की विभिन्न किस्म ,1121, 1718, सोनम, श्री राम ,विष्णु भोग, टाटा मंसूरी, पंत 10, पंत 12, आदि किस्म बाजार में खरीद बिक्री के लिए बाजार में देखी जा रही हैं।व्यापारियों का कहना है कि इस क्षेत्र का धान दाने में मजबूत और गुणवत्ता में अच्छा होता है, इसलिए वे हर साल यहां खरीदारी करने आते हैं।