मनकामेश्वर धाम में 31 दिवसीय महायज्ञ का हुआ भव्य शुभारम्भ, कलश यात्रा में उमड़ी भीड़
पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अश्वनी चौबे रहे मुख्य अतिथि, बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने की अध्यक्षता
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने की बारा विधायक डॉ. वाचस्पति की सराहना, बोले- ऐसे जनप्रतिनिधि विधानसभा ही नहीं, कैबिनेट में भी होने चाहिए
प्रयागराज। लालापुर क्षेत्र मे पहाड़ियों के बीच स्थित मनकामेश्वर धाम में मंगलवार को 31 दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ हुआ। पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा में महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा। 24 नवंबर से 24 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण और 31 दिनों तक अनवरत भंडारे का आयोजन होगा। मनकामेश्वर धाम के पीठाधीश्वर एवं महायज्ञ के अधिष्ठाता स्वामी बृजेशानन्द महाराज के सानिध्य में आयोजित शुभारंभ समारोह में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अश्वनी कुमार चौबे मुख्य अतिथि रहे, जबकि बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने अध्यक्षता की। सुबह निकली कलश यात्रा में क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। बारा विधायक डॉ. वाचस्पति भी यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा के समापन पर उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवान मनकामेश्वर महादेव के चरणों में मत्था टेककर आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।। मंच पर पहुंचे अतिथियों का स्वामी बृजेशानन्द महाराज ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान बाबा मनकामेश्वर के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
अश्वनी चौबे ने की विधायक की सराहना, कैबिनेट में पहुंचने की जताई कामना
समारोह में मुख्य अतिथि अश्वनी कुमार चौबे ने बारा विधायक डॉ. वाचस्पति की कार्यशैली और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि केवल विधानसभा ही नहीं, बल्कि कैबिनेट में भी होने चाहिए। महादेव से कामना है कि अगली बार आप उन्हें कैबिनेट में देखें। अश्वनी चौबे के इस बयान पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इसके बाद अश्वनी चौबे, विधायक डॉ. वाचस्पति और मेजा ब्लॉक प्रमुख गंगा प्रसाद मिश्रा ने समारोह को संबोधित किया। वक्ताओं ने सनातन धर्म की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताते हुए क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
एक माह तक धाम में गूंजेगा रामनाम, श्रद्धालु करेंगे पार्थिव शिवलिंग निर्माण
समारोह के बाद विधिवत अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ। स्वामी बृजेशानन्द महाराज ने बताया कि 31 दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान लगातार चलता रहेगा। इस दौरान अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ के साथ सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरे आयोजन के दौरान अनवरत अन्न क्षेत्र की व्यवस्था भी रहेगी। रामचरितमानस की चौपाइयों और प्रभु श्रीराम के गुणगान से मनकामेश्वर धाम एक माह तक भक्तिरस में सराबोर रहेगा। स्वामी बृजेशानन्द महाराज ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ही आयोजन की सार्थकता है। उन्होंने क्षेत्र सहित दूर-दराज के भक्तों से मनकामेश्वर धाम पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग निर्माण में सहयोग करने, अखंड रामचरितमानस पाठ का श्रवण करने और धार्मिक सेवा में भाग लेने की अपील की। आयोजन के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।