रामराज टिकौला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों से खरीदे गए गन्ने के मूल्य का भुगतान कर दिया है। चीनी मिल की ओर से 17 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक खरीदे गए गन्ने का कुल 15 करोड़ 10 लाख रुपये का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया गया है। इससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को राहत मिली है।

टिकौला शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हरकीरत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मिल प्रबंधन किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में तीन दिनों के दौरान खरीदे गए गन्ने की संपूर्ण भुगतान राशि 15.10 करोड़ रुपये किसानों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई है। उन्होंने सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे अपनी संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें।

उन्होंने किसानों से गन्ने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का भी आग्रह किया। मिल प्रबंधन ने कहा कि किसान चीनी मिल को साफ-सुथरा और ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें। गन्ने में जड़, पत्ती, मिट्टी तथा हरा अगोला नहीं होना चाहिए। स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण गन्ने की आपूर्ति से चीनी मिल की पेराई प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती है और चीनी की गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

मिल प्रबंधन ने यह भी कहा कि जिन किसानों के पास जारी पर्चियों की तुलना में अधिक गन्ना उपलब्ध है, वे अतिरिक्त गन्ने की आपूर्ति के लिए चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क करें। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सट्टा कराने की व्यवस्था की जा सकती है, जिससे किसानों को अपना गन्ना आपूर्ति करने में परेशानी न हो।

अंत में किसानों से अपील की गई कि वे अपने निर्धारित बेसिक कोटे को अवश्य पूरा करें और मिल को समय पर गन्ने की आपूर्ति करते हुए पेराई सत्र 2026-27 को सफल बनाने में सहयोग करें।