*सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण से आध्यात्मिक चेतना का होगा महाजागरण, स्वामी बृजेशानंद महाराज के सानिध्य में एक माह तक चलेगी शिव आराधना*

मनकामेश्वर धाम में रामनाम की अविरल धारा, चौबीसों घंटे गूंजेगा रामचरितमानस का पाठ;

प्रयागराज, यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत लालापुर-भटपुरा स्थित प्राचीन एवं पौराणिक मनकामेश्वर धाम इन दिनों एक विराट आध्यात्मिक संकल्प की साक्षी बनने जा रहा है। स्वामी बृजेशानंद महाराज के पावन सानिध्य में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण का संकल्प लिया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की आराधना के साथ क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की अलख जगाई जाएगी। इस विशेष धार्मिक आयोजन के अंतर्गत एक माह तक रामनाम का निरंतर पाठ होगा। साथ ही चौबीसों घंटे श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ किया जाएगा। मंदिर परिसर में शिवभक्ति और रामभक्ति का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहां मिट्टी के कण-कण में महादेव की आराधना और वातावरण में प्रभु श्रीराम का नाम गूंजेगा। सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण का यह संकल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामूहिक आस्था, साधना और सनातन परंपरा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इसी धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में बुधवार को इंदौर के द्वितीय जिला जज हिदायतुल्ला खान भी मनकामेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने धार्मिक आयोजन में उपस्थिति दर्ज कराई और धाम के आध्यात्मिक वातावरण का साक्षी बने। इस दौरान लालापुर थाना प्रभारी बृजेश सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। प्राचीन मनकामेश्वर धाम की धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक आस्था को देखते हुए यह आयोजन यमुनानगर क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है। स्वामी बृजेशानंद महाराज के सानिध्य में होने वाला यह संकल्प श्रद्धालुओं को शिव आराधना और रामभक्ति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पहल है। हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से धाम का वातावरण भक्तिमय हो गया है।

*