तालाब के पास मिला नर कंकाल, इलाके में मचा हड़कंप
शिनाख्त में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
, प्रयागराज। बारा थाना क्षेत्र के चामू गांव स्थित बड़ी कोट के पास तालाब के किनारे मंगलवार शाम करीब चार बजे एक अज्ञात नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बारा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस कंकाल की पहचान कराने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कंकाल किसका है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।