हापुड़। जनपद के सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में 26 से 28 नवंबर तक तीन दिवसीय जोनल स्तरीय खेल महोत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जोन-5 के करीब 42 नर्सिंग कॉलेजों के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की संभावना है।
खेल महोत्सव का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन के साथ विभिन्न एथलेटिक्स मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद, ऊंची कूद और जैवलिन थ्रो शामिल हैं।
आयोजन के पहले दिन 26 नवंबर को सुबह 9:30 बजे उद्घाटन समारोह होगा। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। 27 नवंबर को एथलेटिक्स के मुकाबले और दौड़ की हीट आयोजित की जाएंगी, जबकि 28 नवंबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले होंगे।
सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन ने खेलों को एकता, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का माध्यम बताया।
कॉलेज की प्राचार्या एवं जोन-05 खेल समन्वयक प्रोफेसर डॉ. आर. पिरामिला के अनुसार, प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। आयोजन सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज परिसर, एनएच-09, अनवरपुर, पिलखुवा में किया जाएगा।