सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट का भव्य शुभारंभ

45 नर्सिंग कॉलेजों के 1,098 विद्यार्थी ले रहे हैं भाग, तीन दिन तक मैदान में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम

हापुड़, 26 नवंबर। सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के तहत जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता (जोन-5) का भव्य शुभारंभ हुआ। 26 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 45 नर्सिंग कॉलेजों के 1,098 विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि धौलाना विधायक धर्मेश तोमर ने ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए और अतिथियों ने खिलाड़ियों के साथ एथलेटिक मशाल प्रज्वलित की।
मुख्य अतिथि धर्मेश तोमर का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए।
कॉलेज की प्राचार्या एवं स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर प्रो. डॉ. आर. पिरामिला ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
खेल महोत्सव में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन के साथ 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, 4×100 मीटर रिले रेस, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप, हाई जंप और जैवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर रघुवर दत्त, जनरल मैनेजर एन. वरदराजन, डॉ. टी. राधाकृष्णन, डॉ. एम. बालकृष्णन, सुभाष तेवतिया, सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की प्राचार्या डॉ. बरखा गुप्ता, ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, ब्रिगेडियर डॉ. विनीत रस्तोगी सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर रघुवर दत्त ने सभी अतिथियों, आयोजन समिति और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन के बाद सुबह 11 बजे से खेल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं, जो शाम 7 बजे तक चलीं। अगले दो दिनों तक भी विभिन्न खेल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।