मवाना (मेरठ)। मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नगर पालिका रोड की ओर डस्टबिन के पास एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव नवजात बच्ची का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर में डस्टबिन के बराबर में कपड़े में लिपटी एक वस्तु पिछले दिन से पड़ी हुई थी। आसपास रेहड़ी लगाने वाले स्थानीय लोगों ने पहले उसे कपड़े में लिपटा हुआ कोई सामान समझा। गुरुवार को जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उसके अंदर नवजात का शव मिला।
इसके बाद स्थानीय रेहड़ी संचालकों ने तत्काल अस्पताल के सिक्योरिटी गार्डों को मामले की जानकारी दी। सुरक्षा कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल नवजात की पहचान, शव यहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा तथा घटना के पीछे की वजह क्या है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
अस्पताल परिसर में नवजात का शव मिलने की घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।