संविधान के आदर्शों के पालन तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान का किया संकल्प

नागौर । संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।



अतिरिक्त जिला कलक्टर राम रतन सौंकरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। सभी ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए इसमें निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कलक्टर कुमार ने संविधान में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके अनुरूप कार्य करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता पर बल दिया।

मतदाता शपथ के दौरान सभी अधिकारियों और कार्मिकों ने लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनावों की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक चुनाव में निर्भीक होकर धर्म, नस्ल, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।



इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न जिला स्तरीय विभागों में भी संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारतीय संविधान की उद्देशिका तथा मतदाता शपथ दिलाई गई। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, कृषि विभाग, खेल विभाग सहित अन्य विभागों में कार्मिकों ने संविधान के आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ लेकर संवैधानिक दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन का संकल्प लिया।



इस दौरान जिला कलक्टर ने सभी को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, संवैधानिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा संविधान की भावना के अनुरूप आमजन के हित में कार्य करने का संकल्प भी दिलाया।