संविधान के मूल आदर्शों के पालन तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान का लिया संकल्प
नागौर । संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। सभी ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए इसमें निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्य व्यवहार में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जिला कलक्टर ने संविधान में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके अनुरूप कार्य करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता पर बल दिया।
मतदाता शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों ने लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनावों की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक चुनाव में निर्भीक होकर धर्म, नस्ल, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
इस दौरान सभी ने देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, संवैधानिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा संविधान की भावना के अनुरूप आमजन के हित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।